संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कुरूद का शानदार प्रदर्शन, शूटिंग में रचा इतिहास
संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कुरूद का शानदार प्रदर्शन, शूटिंग में रचा इतिहास
महासमुंद में आयोजित केन्द्रीय विद्यालय संगठन की संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कुरूद के खिलाड़ियों ने पहली बार राइफल शूटिंग में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कुरूद के खिलाड़ियों ने अपने कौशल से सभी को प्रभावित किया।
10 मीटर ओपन साइट एयर राइफल अंडर-19 बालक वर्ग में राज निषाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-14 बालिका वर्ग में पहली बार भाग लेने वाली कक्षा 6वीं की छात्रा वंदिता साहू ने शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीतकर दर्शकों का दिल जीत लिया। साथ ही, केन्द्रीय विद्यालय दुर्ग में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग में दिब्यांश पटेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया।
इस उपलब्धि के साथ अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 में हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता से यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उच्च स्तर की एकाग्रता, तकनीकी दक्षता और धैर्य का परिचय दिया। सीमित संसाधनों और साधारण उपकरणों के बावजूद हासिल की गई यह सफलता पूरे विद्यालय और कुरूद नगर के लिए गर्व का विषय है।
खिलाड़ी अपने प्रशिक्षक श्री एस. के. पाण्डेय के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ग्लोरिया मिंज, अपने माता-पिता और शिक्षकों के सहयोग व प्रेरणा को दिया।
प्राचार्या श्रीमती ग्लोरिया मिंज ने अपने उद्बोधन में कहा कि “हमारे विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद जो उपलब्धि हासिल की है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। यह उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।”
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है